शिवराज सिंह रविवार को भैंरुदा में करेंगे पीएमजीएसवाई चार और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ


देश 09 May 2026
post

शिवराज सिंह रविवार को भैंरुदा में करेंगे पीएमजीएसवाई चार और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ

सीहोर, 09 मई । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार, 10 मई को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (पीएमजीएसवाई-IV) और पीएमजनमन योजना का शुभारंभ का करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने शनिवार को बताया कि सीहोर जिले के भैरूंदा में 10 मई को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना IV तथा पीएम जनमन योजना का शुभारंभ किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- IV के अंतर्गत मध्य प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण होगा। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों से जिले की 84 बसाहटें सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।

इसी प्रकार पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 261 करोड़ से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 किलोमीटर की सड़कों को भी मंजूरी दी जाएगी। जिनसे प्रदेश की 168 बसाहटें लाभान्वित होंगी।

You might also like!