हेमंत पांडेय ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी का पदभार संभाला


व्यापार 09 May 2026
post

हेमंत पांडेय ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी का पदभार संभाला

नागपुर, 09 मई । डॉ. हेमंत शरद पांडेय ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का कार्यभार संभाल लिया है। पांडेय सीएमडी का पदभार संभालने से पहले डब्ल्यूसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे।

डब्ल्यूसीएल ने शनिवार को एक बयान में कहा कि डॉ. हेमंत पांडेय ने शुक्रवार को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर डब्ल्यूसीएल के निदेशकों, मुख्य सतर्कता अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुखों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुताबिक मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के निदेशक एचआर डॉ. हेमंत पांडेय को चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) के पद पर नियुक्त करने के कोयला मंत्रालय के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी थी। यह नियुक्ति उनके पद संभालने की तारीख से लेकर उनके रिटायरमेंट की तारीख तक यानी 31 मार्च 2028 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगी।

कोल इंडिया लिमिटेड में 1989 में खनन इंजीनियर के रूप में अपने पेशेवर करियर की शुरुआत करने वाले डॉ. पांडेय के पास डब्ल्यूसीएल और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में 37 वर्षों का अनुभव है। उनके कार्यकाल के दौरान बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए ‘स्वस्थ’ पोर्टल, डिस्पेंसरी प्रबंधन प्रणाली और विभिन्न मानव संसाधन पोर्टल के आधुनिकीकरण जैसी पहल लागू की गईं।

You might also like!