बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान
खान स्क्रीन पर तो कई बार हीरो बनकर लोगों की जान बचाते नजर आते हैं, लेकिन इस बार वह एक 'रियल लाइफ हीरो' के मुरीद हो गए हैं. आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर मौत को मात देकर 174
लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की
बहादुरी ने सलमान का दिल जीत लिया है.
फ्लाईदुबई
की फ्लाइट में हुए एक खौफनाक हादसे के दौरान कैप्टन स्मित ने जिस जांबाजी का परिचय
दिया, उसकी चर्चा आज पूरी दुनिया में
है. इस रियल लाइफ 'दबंग' के हौसले को
देखकर सलमान खान भी खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर एक खास मैसेज लिखकर
उन्हें सीधा सलाम ठोका है.
सलमान खान का यह ट्ववीट ऐसे समय में आया
है, जब फ्लाइट में हुई घटना के बाद कैप्टन स्मित
मच्छार की बहादुरी की चर्चा हो रही है. सलमान के इस पोस्ट का मुख्य संदेश पायलट के
साहस को सम्मान देना था. मुश्किल परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाए
गए कदमों को लेकर एक्टर ने उनकी तारीफ की.
क्या है फ्लाईदुबई की फ्लाइट में
हुई घटना
दरअसल, 30 सितंबर 2026 को दुबई से
तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के
अंदर गंभीर घटना हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सह-पायलट ने
कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस दौरान विमान तेजी से नीचे की ओर
गिरने लगा. फ्लाइट में 174 लोग सवार थे.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं
हारी. उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इंटरफेरेंस करने का मौका मिला. इसके
बाद यात्रियों और क्रू ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद की. विमान में मौजूद
अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर
सुरक्षित उतारा गया.
इस घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में
सराहना हुई. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री
बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनके साहस की तारीफ की.
इस घटना के बाद उनकी बहादुरी को लेकर
लगातार चर्चा हो रही है. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने मदद के लिए
रास्ता खोलने की कोशिश की, जिससे विमान में मौजूद लोगों को स्थिति संभालने का
मौका मिला.
सलमान खान के अलावा इन सितारों
ने भी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर सलमान खान के
अलावा मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है. आर माधवन, विजय देवरकोंडा, रवि किशन, परेश
रावल और शिल्पा शेट्टी समेत कई सितारों ने उनके साहस की सराहना की.

















