सिखों के तृतीय गुरु श्री गुरु अमरदास के ज्योति-ज्योत दिवस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, गृहमंत्री अमित शाह सहित कई मुख्यमंत्रियों ने नमन किया है। इसके साथ नेताओं ने कहा कि मानवता के लिए समर्पित गुरु अमरदास का सम्पूर्ण जीवन आज भी राह दिखाता है। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, “सिखों के तृतीय गुरु श्री गुरु अमरदास जी के ज्योति-ज्योत दिवस पर कोटि-कोटि नमन। गुरु अमरदास जी का जीवन सेवा, समानता, करुणा, मानव गरिमा और सामाजिक सुधार के महान मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने अपने आध्यात्मिक चिंतन और कर्मशील जीवन के माध्यम से ऐसे समाज की कल्पना को आगे बढ़ाया, जिसमें जाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो। गुरु साहिब ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और रूढ़ियों के विरुद्ध आवाज़ उठाई तथा लोगों को सत्य, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। मानवता के लिए समर्पित उनका सम्पूर्ण जीवन आज भी राह दिखाता है।”
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “स्नेह, समानता और विनम्रता को भक्ति का सच्चा मार्ग बताने वाले सिख धर्म के तृतीय गुरु श्री गुरु अमरदास जी के ज्योति ज्योत दिवस पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने मानव को अहंकार त्यागकर सेवा और समर्पण का पथ अपनाने की प्रेरणा दी तथा समाज को एक होने का संदेश दिया। गुरु साहिब का दिव्य जीवन और उनके उच्च आदर्श समस्त मानव समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।”
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “श्री गुरु अमरदास जी के ज्योति ज्योत दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “सिख पंथ के तृतीय गुरु, महान संत, मानवता, सेवा, समरसता और आध्यात्मिक चेतना के अमर संवाहक श्री गुरु अमरदास जी महाराज के ज्योति-ज्योत दिवस पर कोटि-कोटि नमन। गुरु अमरदास जी ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का जो दिव्य संदेश दिया, वह आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणापुंज है। उनका प्रकाशमय जीवन सदैव लोक-कल्याण का मार्ग आलोकित करता रहेगा।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “सेवा, समर्पण, त्याग और करुणा की दिव्य प्रतिमूर्ति, सिख पंथ के तृतीय गुरु श्री गुरु अमरदास जी महाराज के ज्योति ज्योत दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन! उनका पावन जीवन मानव कल्याण, समानता और परोपकार की महान भावना का अनुपम उदाहरण है। उनकी अमर शिक्षाएं हमें सदैव प्रेम, सद्भाव, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट किया, “तीसरे गुरु, परम पूजनीय और महान गुरु अमर दास के ‘ज्योति-जोत दिवस’ के अवसर पर, गुरु के चरणों में कोटि-कोटि नमन। आइए, गुरु साहिब के महान उपदेश “पहले पंक्ति, फिर संगत” का पालन करते हुए समानता, स्मरण और सेवा को अपने जीवन का आधार बनाएं।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, “सेवा व करुणा के प्रतीक सिख धर्म के तीसरे गुरु श्री गुरु अमरदास के ज्योति ज्योत दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! गुरु अमरदास जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने का संदेश दिया। उनकी पावन शिक्षाएं आज भी हमें निःस्वार्थ सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।”

















