कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में बूंदाबांदी
पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर और
भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. यहां मेघगर्जन और
आकाशीय बिजली की चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं. बारिश के
दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति
घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
पश्चिमी राजस्थान में बढ़ेगी
गर्मी
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर,
जोधपुर, बीकानेर और चूरू जैसे जिलों में मौसम
मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. तेज धूप के कारण यहां गर्मी का असर बढ़ सकता
है. कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है.
27 से 29 सितंबर तक फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27
से 29 सितंबर के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ का
प्रभाव देखने को मिल सकता है. इसके चलते जयपुर, अजमेर,
भरतपुर और बीकानेर संभागों में हल्की बारिश की गतिविधियों में कुछ
बढ़ोतरी होने की संभावना है.
किसानों और आम लोगों के लिए
क्या संकेत?
फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश का खतरा नहीं है, लेकिन पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अचानक हल्की बारिश और तेज हवाएं
परेशानी बढ़ा सकती हैं. वहीं पश्चिमी राजस्थान में तेज धूप और बढ़ते तापमान के
कारण दिन के समय गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है.

















