एथलेटिक्स ट्रैक से भारत के लिए एक
बड़ी और राहत भरी खबर आई है! पिछले एशियन गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट स्टार एथलीट
ज्योति याराजी के अचानक अपनी हीट से हटने के बाद, महिलाओं की 100 मीटर हर्डल्स
(बाधा दौड़) में भारत की इकलौती उम्मीद नंदिनी कोंगान ने शानदार तरीके से मोर्चा
संभाल लिया है. हीट-2 में
दौड़ते हुए नंदिनी ने अपना जलवा बिखेरा और 13.48 सेकंड का बेहतरीन समय निकालते हुए
चौथा स्थान हासिल किया. अपनी इस शानदार टाइमिंग के दम पर उन्होंने 'फास्टेस्ट
नॉन-ऑटोमैटिक क्वालीफायर' के
तौर पर सीधे फाइनल का टिकट कटा लिया है. अब देश को फाइनल में इस युवा एथलीट से एक
ऐतिहासिक दौड़ की पूरी उम्मीद है!
एथलेटिक्स के डेकाथलॉन हाई जंप (ऊंची
कूद) इवेंट में भारत के एन. थौफीक का सफर 1.88 मीटर की छलांग के साथ समाप्त हो गया
है. 1.91 मीटर की ऊंचाई
पार करने के तीन लगातार असफल प्रयासों के बाद, उन्होंने हाई जंप से 696 अंक हासिल किए
हैं, जिससे शुरुआती
चार इवेंट्स के बाद उनका कुल स्कोर 2986 पॉइंट हो गया है. फिलहाल जंप का बार 1.91 मीटर पर ही सेट
है, इसलिए भारत के
नंबर-1 डेकाथलीट
तेजस्विन शंकर को एक्शन में देखने के लिए फैंस को अभी थोड़ा और इंतज़ार करना होगा.
तेजस्विन सीधे 2.06 मीटर
की ऊंचाई से अपनी पहली जंप की शुरुआत करेंगे, जिस पर अब पूरे देश की नजरें टिकी हुई
हैं!

















